
पटना पुलिस ने पिछले शुक्रवार की देर रात एक इक्कतीस साल पुराने मामले में पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव को उनके पटना स्थित आवास से गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई के दौरान काफी लंबी मशक्कत और हंगामा हुआ, क्योंकि सांसद पुलिस के साथ सहयोग करने को तैयार नहीं थे। अंततः भारी पुलिस बल की मौजूदगी में उन्हें जबरन उठाकर ले जाया गया। इस घटना के बाद पप्पू यादव की तबीयत बिगड़ गई, जिसके कारण उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। वे फिलहाल अदालत के अगले आदेश तक अस्पताल में ही रहना बेहतर समझ रहे हैं।
यह पूरी घटना एक हाई-वोल्टेज ड्रामा में तब्दील हो गई, जिसमें कई सवाल और आरोप-प्रत्यारोप सामने आए। एक ओर ‘कानून का राज’ स्थापित करने का दावा करने वाली सरकार और उसकी पुलिस, तो दूसरी ओर ‘न्याय की लड़ाई’ लड़ने का दावा करने वाले ‘लड़ाकू सांसद’—दोनों के असली चेहरे इस घटनाक्रम में जनता के सामने उजागर हो गए।
अदालत द्वारा जारी कुर्की-जब्ती या गिरफ्तारी के आदेश का हवाला देकर पुलिस ने यह कार्रवाई की, लेकिन कई अहम सवाल अनुत्तरित रह गए हैं:
– अदालत ने इस मामले में पहले भी कई वारंट जारी किए होंगे।
– उन वारंटों पर पुलिस ने कार्रवाई क्यों नहीं की?
– आखिरकार यह अचानक इतनी तत्परता और आधी रात की छापेमारी क्यों हुई?
यह सब स्पष्ट संकेत देता है कि यह कार्रवाई महज अदालती आदेश के पालन के नाम पर नहीं, बल्कि राजनीतिक विद्वेष और बदले की भावना से प्रेरित थी।
पप्पू यादव हाल के दिनों में पटना में एक नीट की तैयारी कर रही छात्रा की रहस्यमय मौत के मामले में सरकार पर तीखे उल्टे-सीधे हमले कर रहे थे। उन्होंने सरकार एवं पुलिस-प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवालिया निशान लगाया। ऐसे में यह गिरफ्तारी संयोग से नहीं, बल्कि एक सुनियोजित कदम प्रतीत होती है, जिसका मकसद उनकी आवाज को दबाना था।
दूसरी ओर, पप्पू यादव की छवि भी इस घटना से प्रभावित हुई है। वे अक्सर बेबुनियाद, अतिशयोक्तिपूर्ण और भड़काऊ बयानबाजी के लिए जाने जाते हैं। उनकी बातों में इतनी ताकत नहीं कि वे सरकार की नींद उड़ा सकें या कोई बड़ा बदलाव ला सकें। फिर भी, एक पुराने मामले में अचानक आधी रात को इस तरह की दिखावटी और कठोर कार्रवाई करना उचित नहीं लगता। यह स्पष्ट रूप से सरकार में बैठे लोगों का व्यक्तिगत और राजनीतिक विद्वेष है, जिसे कानूनी मुहावरे में लपेटकर पेश किया जा रहा है।
जहाँ तक पप्पू यादव के ‘न्याय के लिए लड़ने वाले योद्धा’ होने का दावा है, इस घटना ने उसकी पोल भी खोल दी। गिरफ्तारी के दौरान उनकी तबीयत बिगड़ना और अस्पताल में भर्ती होना यह दिखाता है कि उनकी लड़ाई शायद सत्य और समाज के लिए कम, और अपनी राजनीतिक जमीन बचाने के लिए ज्यादा है।
जिन लोग सच्चाई और समाज के हित के लिए समर्पित होकर लड़ते हैं, उन्हें मुश्किल हालात में भी एक अदृश्य शक्ति मिलती है—वे डरते नहीं, टूटते नहीं। लेकिन यहाँ पुलिस की मौजूदगी देखते ही सांसद का पैजामा तक गीला हो गया। यह तथ्य उनकी ‘लड़ाकू’ छवि पर गहरा सवालिया निशान लगाता है।
सच्चाई यह है कि पप्पू यादव इस समय न्याय के नाम पर अपनी राजनीतिक जमीन को बचाने की जद्दोजहद में लगे हुए हैं। वहीं, पटना पुलिस की यह अचानक और दिखावटी त्वरित कार्रवाई सरकार के दावों की पोल खोलती है। पुलिस इस पूरे प्रकरण में महज एक नट का जुमूरा भर साबित हुई—जिसे सरकार ने अपनी मर्जी से नचाया।
यह घटना दोनों पक्षों—सरकार और पप्पू यादव —के दोहरे चरित्र को जनता के सामने लाकर खड़ा कर देती है। एक तरफ कानून का ढोंग, दूसरी तरफ न्याय का नाटक—दोनों ही असल में अपनी-अपनी सत्ता और स्वार्थ की रक्षा में जुटे दिखाई देते हैं।
आप क्या सोचते हैं?
कानूनी कार्रवाई या राजनीतिक बदला?
कमेंट में अपनी राय जरूर बताएं।
