मुंबई और महाराष्ट्र समेत देशभर में आम आदमी पार्टी का ‘मोदी हटाओ, देश बचाओ’ आंदोलन…

– आम आदमी पार्टी मुंबई और महाराष्ट्र के सभी सार्वजनिक स्थानों पर ‘मोदी हटाओ, देश बचाओ’ के पोस्टर लगाएगी
मुंबई। आजादी की लड़ाई में हमारे देश के क्रांतिकारी शहीदों ने हंसते-हंसते फांसी का फंदे को चूमकर गले लगाया और अपना बलिदान दिया। उनका सपना था कि जिस दिन हमारा देश आजाद होगा, अशिक्षा दूर होगी और भारत एक शिक्षित राष्ट्र बनेगा। देश के लोग इलाज के लिए नहीं भटकेंगे, नौजवानों को रोजगार मिलेगा, किसानों को फसल का दाम मिलेगा। लेकिन जब तक नरेंद्र मोदी देश के प्रधानमंत्री है, यह सपना पूरा नहीं हो सकता।  जब अंग्रेजों की हुकूमत थी, उस समय कोई पर्चा या पत्रक नहीं बांट सकता था, अख़बार नहीं निकाल सकता था। भारत की आजादी के वीरों की आवाज को कुचलने के लिए उसी समय अंग्रेजों ने ऐसे कानून बनाएं थे। आज फिर उन्हीं कानूनों के सहारे देश की आवाज को कुचला जा रहा है। आज पूरे देश को मोदी सरकार के अत्याचारी शासन के खिलाफ खड़े होने का समय आ गया है। अगर हम आज नहीं उठे तो आने वाली पीढ़ियां हमें कभी माफ नहीं करेंगी, ऐसा वक्तव्य आम आदमी पार्टी मुंबई की अध्यक्ष प्रीति शर्मा मेनन ने मुंबई में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में किया। 
आम आदमी पार्टी ने मुंबई, महाराष्ट्र सहित पूरे देश में ‘मोदी हटाओ, देश बचाओ’ आंदोलन शुरू किया है। ‘आम आदमी पार्टी’ की ओर से मुंबई और महाराष्ट्र के सभी सार्वजनिक स्थलों पर ‘मोदी हटाओ देश बचाओ’ के पोस्टर लगाए जाएंगे। इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में प्रीति शर्मा मेनन के साथ आम आदमी पार्टी महाराष्ट्र के उपाध्यक्ष धनराज वंजारी, आम आदमी पार्टी मुंबई के कार्यकारी अध्यक्ष रूबेन मस्करेन्हस और द्विजेंद्र तिवारी, आम आदमी पार्टी महाराष्ट्र के सचिव धनंजय शिंदे, मुंबई उपाध्यक्ष पायस वर्गीस उपस्थित थे। प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने मुंबई महानगरपालिका मुख्यालय के सामने ‘मोदी हटाओ, देश बचाओ’ के पोस्टर लगाए गए, जिसे बाद में पुलिस ने हटा दिया।
आम आदमी पार्टी के महाराष्ट्र उपाध्यक्ष धनराज वंजारी ने कहा की, जब दिल्ली में हमने “मोदी हटाओ, देश बचाओ” का पोस्टर लगाया। तब मोदी सरकार पूरी तरह से थर्रा गई। उनके पसीने छूटने लगे। आम आदमी पार्टी के खिलाफ दिल्ली में 138 एफआईआर दाखिल हुई। देश के इतिहास में, अंग्रेजों के राज में भी कभी एक पोस्टर और एक पोस्टर या पर्चे के लिए 138 एफआईआर नहीं हुई थी। आज से आम आदमी पार्टी देश के कोने-कोने में ‘मोदी हटाओ, देश बचाओ’ के पोस्टर लगाने जा रही है। आज से हमें भी देखना है कि तुम्हारी एफआईआर, पुलिस और जेल में कितनी ताकत है। जब चप्पे-चप्पे पर “मोदी हटाओ, देश बचाओ” के पोस्टर लगेंगे, तुम्हारी जेलें भर जाएगी। मगर भारत माँ को बचाने के लिए सीना और हाथ कम नहीं होंगे।
आम आदमी पार्टी के मुंबई के कार्यकारी अध्यक्ष रुबेन  मस्करेन्हस ने कहा कि, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जहां भी जाते हैं, वहां अदानी का साम्राज्य खड़ा हो जाता है। अदानी ग्रुप ने देश में इतना बड़ा घोटाला किया, लेकिन इस मोदी सरकार ने उसके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की। जब तक मोदी प्रधानमंत्री रहेंगे, अदानी की जांच होगी या नहीं, इसमें भी हमें संदेह है।
आम आदमी पार्टी के महाराष्ट्र सचिव धनंजय शिंदे ने कहा कि, आज देश के संविधान की धज्जियां उड़ाई जा रही है। संविधान की मूल्यों को पैरों तले रौंदा जा रहा है। विपक्ष की आवाज को कुचलने के लिए विपक्षी नेताओं को फर्जी मुकदमों में फंसाने की कोशिश की जा रही है। देश के अन्नदाता किसानों के ऊपर जबरदस्ती तीन काले कृषि कानून थोंपे गए, किसानों ने एक साल तक आंदोलन किया। सरकार ने उनसे वादा किया कि देश में न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) को कानून का दर्जा देंगे, मगर ऐसा नहीं हुआ। 
आम आदमी पार्टी के उपाध्यक्ष पायस वर्गीस ने कहा कि, आज देश के देश के छात्रों की आवाज को देशद्रोही-आतंकवादी कहकर कुचला जा रहा है। देश में मजदूर दयनीय जिंदगी जीने को मजबूर हैं। भगत सिंह और बटुकेश्वर दत्त ने असेंबली में बम इसलिए फेंका था कि मजदूरों के खिलाफ सुरक्षा विधेयक लाया जा रहा था। आज मजदूरों के सभी कानूनों और अधिकारों को समाप्त कर दिया गया है और केवल चार कानूनों में विलय कर दिया गया है। यह वस्तुतः अत्याचार, तानाशाही है। इसके खिलाफ आवाज उठाना बेहद अनिवार्य हो गया है। आम आदमी पार्टी के मुंबई उपाध्यक्ष द्विजेन्द्र तिवारी ने कहा कि, स्वतंत्रता सेनानियों की पुण्य आत्मा हमें भी ताकत दे कि हम इस तानाशाही सरकार से लड़ सके और देश की विरासत को बचाने में कामयाब हो जाए। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *